बंटवारे की दर्दनाक कहानी लेकर आ रही सनी देओल की फिल्म Lahore 1947, अगस्त में होगी रिलीज

Entertainment News: सनी देओल की आने वाली फिल्म Lahore 1947 लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है. हालांकि, अब दर्शकों का इंतजार खत्म होने वाला है.  Aamir Khan Productions ने आज 9 फरवरी को ऐलान किया है, कि यह पीरियड ड्रामा फिल्म 13 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान रिलीज किया जाएगा, जिससे इसे खास अहमियत मिल रही है.

पहली बार साथ आए सनी देओल, राजकुमार संतोषी और आमिर खान 

Lahore 1947 में पहली बार सनी देओल, निर्देशक राजकुमार संतोषी और प्रोड्यूशर आमिर खान एक साथ काम कर रहे हैं. आमिर खान ने अपने बयान में कहा कि यह स्क्रिप्ट धर्मेंद्र की पसंदीदा कहानियों में से एक थी और उन्हें खुशी है, कि वे इस फिल्म को बनते हुए देख पाए. यह फिल्म सनी देओल और राजकुमार संतोषी की भी शानदार वापसी मानी जा रही है. इससे पहले दोनों ने 90 के दशक में घायल, घातक और दामिनी जैसी यादगार फिल्में दी थीं.  सनी देओल का मानना है कि दर्शक लंबे समय से इस जोड़ी को दोबारा साथ देखने का इंतजार कर रहे थे.

सनी देओल ने क्या कहा फिल्म को लेकर?

फिल्म को लेकर सनी देओल ने कहा कि Lahore 1947 पर कई सालों से काम चल रहा था. कई कलाकारों ने इसकी कहानी सुनी और कई बार फिल्म बनने की कोशिश भी हुई, लेकिन बात बन नहीं पाई.  सनी देओल के मुताबिक गदर 2 की सफलता के बाद सब कुछ अपने आप सही समय पर हो गया.

बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी

यह फिल्म मशहूर लेखक असग़र वजाहत के नाटक "जिस लाहौर नई देख्या ओ जमीई नई" (Jis Lahore Nai Dekhya, O Jamyai Ni) पर आधारित है.  कहानी देश के बंटवारे के समय की है, जहां एक मुस्लिम परिवार लखनऊ से लाहौर जाता है और उन्हें एक हवेली दी जाती है. बाद में पता चलता है कि वह हवेली छोड़कर जाने वाला हिंदू परिवार अब भी वहीं रह रहा है और घर छोड़ने से इनकार कर देता है. यहीं से कहानी भावनात्मक और गंभीर मोड़ लेती है.

प्रीति जिंटा की वापसी, दमदार स्टारकास्ट

Lahore 1947 के जरिए प्रीति जिंटा भी फिल्मों में वापसी कर रही हैं. उन्होंने अपने हिस्से की शूटिंग पिछले साल जून में पूरी कर ली थी. प्रीति जिंटा ने इसे अपने करियर की सबसे कठिन फिल्म बताया है. फिल्म में शबाना आजमी, अली फजल और करण देओलभी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की आधिकारिक घोषणा अक्टूबर 2023 में हुई थी और तभी से इसकी कहानी और स्टारकास्ट को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है.