मैनचेस्टर: मैनचेस्टर यूनाइटेड के मैनेजर रूबेन अमोरिम ने पुष्टि की है कि टीम के कप्तान ब्रूनो फर्नांडिस और युवा मिडफील्डर कोबी मैनू शुक्रवार को न्यूकैसल यूनाइटेड के खिलाफ होने वाले प्रीमियर लीग मुकाबले में उपलब्ध नहीं होंगे। हालांकि, अमोरिम ने दोनों खिलाड़ियों की चोट को लेकर ज्यादा चिंता की बात नहीं बताई।
बुधवार
को मीडिया से बात करते हुए अमोरिम ने कहा, “इस मैच के लिए नहीं। दोनों
रिकवरी कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि इसमें ज्यादा समय लगेगा। कोबी,
ब्रूनो से पहले वापसी कर सकता है।”
जब उनसे ब्रूनो फर्नांडिस की
वापसी को लेकर संभावित समयसीमा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मैं
कोई निश्चित समय नहीं बताना चाहता। मेरे दिमाग में एक अंदाजा है, लेकिन
देखते हैं।”
31 वर्षीय पुर्तगाली मिडफील्डर इस सीजन प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए हर मैच में शुरुआती एकादश का हिस्सा रहे हैं और वह लीग के सबसे रचनात्मक खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अब तक 51 मौके बनाए हैं, जबकि मैनचेस्टर सिटी के जेरेमी डोकू 40 से भी कम मौके बना पाए हैं। यूनाइटेड ने उन सात मैचों में से छह गंवाए हैं और एक ड्रॉ खेला है, जिनमें ब्रूनो फर्नांडिस ने शुरुआत नहीं की।
