झारखण्ड

बोकारो जोन पुलिस का बड़ा एक्शन: 65 अभियुक्त गिरफ्तार, 226 वारंटों का निष्पादन

बोकारो: अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बोकारो जोनल आईजी सुनील भास्कर के निर्देश पर प्रक्षेत्र के सभी जिलों में एक साथ विशेष समकालीन अभियान चलाया गया. रविवार की रात भर चली इस कार्रवाई ने अपराधियों और वारंटियों के बीच हड़कंप मचा दिया है.

लंबे समय से फरार पेशेवर अपराधी भी गिरफ्त में 

आईजी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस सघन छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त 65 अभियुक्तों को पुलिस ने धर-दबोचा. इनमें कई लंबे समय से फरार चल रहे पेशेवर अपराधी भी शामिल हैं. इसके अलावा कोर्ट द्वारा जारी किए गए 226 वारंटों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया. पुलिस ने उन वारंटियों के घरों पर दबिश दी जो लंबे समय से कानून की नजरों से बच रहे थे. 

2 मामलों में कुर्की की कार्रवाई

न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए 02 मामलों में कुर्की की कार्रवाई भी की गई. यह अभियान बोकारो जोन अंतर्गत आने वाले धनबाद, बोकारो, चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़ और कोडरमा  जिलों में एक साथ शुरू किया गया था.