बोकारो: चास नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। महापौर पद के प्रत्याशी गोपाल मुरारका ने बुधवार को चास बायपास रोड क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से समर्थन मांगा और अपने पिछले 30 वर्षों की सामाजिक सेवा को जनता के सामने रखा। जनसंपर्क के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का सकारात्मक प्रतिसाद मिलता दिखा।
सामाजिक कार्यों में रही है भागीदारी
गोपाल मुरारका लंबे समय से ‘हेल्पिंग हैंड’ के नाम से सामाजिक कार्य करते रहे हैं। उन्होंने जात-पात से ऊपर उठकर निस्वार्थ भाव से चास-बोकारो की जनता की सेवा की है। वे पिछले तीन दशकों से जरूरतमंदों की मदद, धार्मिक-सामाजिक कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं। मुरारका ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ‘हेल्पिंग हैंड’ के माध्यम से उन्होंने छठ व्रतियों की सुविधा के लिए कई छठ घाटों का निर्माण कराया। इसके अलावा उन्होंने अनेक अज्ञात मृत व्यक्तियों के दाह-संस्कार की व्यवस्था कर मानवता का परिचय दिया। उनका दावा है कि समाज के हर वर्ग के बीच उनकी सेवा पहुंची है।
पिछली बार मिली थी हार
उल्लेखनीय है कि पिछली बार हुए महापौर चुनाव में गोपाल मुरारका मामूली अंतर, यानी कुछ सौ वोटों से हार गए थे। इस बार वे पहले से अधिक तैयारी और जनसमर्थन के साथ मैदान में हैं। उनका कहना है कि इस बार जनता का जनादेश उनके पक्ष में रहेगा। महापौर चुनाव में उनके दोबारा नामांकन के साथ ही चास नगर निगम की चुनावी लड़ाई और रोमांचक हो गई है। अब देखना दिलचस्प होगा कि उनकी वर्षों की सामाजिक सेवा और जनसंपर्क अभियान चुनावी नतीजों में कितना असर दिखाता है।
