पलामू: तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा टू पंचायत अंतर्गत पिछूलिया बाबा धाम के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान लुकुआ गांव निवासी विश्वनाथ मोची के पुत्र सोनू कुमार रवि के रूप में हुई है. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
सड़क पार के दौरान पिकअप ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोइंदी पंचायत के जमुनियाडीह गांव से माता सबरी पूजा को लेकर कलश यात्रा जुलूस पिछूलिया बाबा धाम पहुंचा था. इसी दौरान सोनू कुमार अपनी साइकिल सड़क के उस पार खड़ा कर अशोक होटल में नाश्ता करने गया था. नाश्ता करने के बाद जब वह अपनी साइकिल लेने के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी ग्राम कसमार निवासी जितेंद्र साव का सीमेंट लदा पिकअप वाहन (नंबर JH03AD-8669) तेज रफ्तार में आ रहा था. तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप ने सोनू को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
बचपन से ही नाना के घर रहता था मृतक
बताया जाता है, कि सोनू कुमार अपने नाना नरेश मोची के घर जमुनियाडीह में रहकर पढ़ाई करता था. वह कक्षा चार का छात्र था और बचपन से ही नाना के घर रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहा था. सोनू अपने पिता विश्वनाथ मोची का सबसे बड़ा पुत्र था. उसके पिता मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं. घटना की सूचना मिलने पर उसकी मां और नाना घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है.
दोषी चालक के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम, पुलिस अवर निरीक्षक मानेंद्र शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की है. थाना प्रभारी ने बताया कि दोषी चालक और पिकअप वाहन के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
इधर, शव को उठाने से पहले गोइंदी पंचायत के मुखिया पति लालमुनी राम के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा वाहन मालिक को मौके पर बुलाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर विरोध किया जा रहा है. पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है.
