रांचीः झारखंड राज्य उद्यान प्रोमोशन सोसाइटी की शासी निकाय की बैठक गुरुवार को कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में नेपाल हाउस स्थित मंत्रालय में हुई. शासी निकाय की बैठक में अनुबंध पर आवश्यकता आधारित मानव बल को बहाल करने पर चर्चा हुई. मानव बल का चयन दो स्तर पर किया जाएगा. झारखंड राज्य उद्यान प्रोमोशन सोसाइटी ने राज्य और जिला स्तर पर मानव बल बहाल करने का प्रारूप तैयार किया है. बैठक में इसे लेकर मंत्री ने कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए.
क्या है सोसाइटी का काम?
सोसाइटी का काम उद्यान क्षेत्र के विकास के साथ- साथ योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है. फल, सब्जी, फूल, औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने में मदद करने, उद्यान से जुड़ी सरकारी योजनाओं को जमीन पर लागू करने में सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसके साथ ही पौधारोपण पर सब्सिडी, आधुनिक खेती, प्रशिक्षण, मार्केटिंग एवं वैल्यू एडिशन में झारखंड राज्य उद्यान प्रोमोशन सोसाइटी का योगदान है. मानव बल के बढ़ने से इस काम में तेजी के साथ योजना का उद्देश्य भी पूरा होगा.
ये रहे मौजूद
शासी निकाय की बैठक में विभागीय सचिव अबू बक्कर सिद्दीकी, उद्यान निदेशक माधवी मिश्रा, कृषि निदेशक भोर सिंह यादव, पशुपालन निदेशक आदित्य कुमार आनंद, निबंधक सहयोग समिति निबंधक शशि रंजन सहित अन्य मौजूद थे.
