रांची: फ्लैट दिलाने के नाम पर रांची के एक व्यक्ति को कोलकाता बुलाकर बंधक बनाने, मारपीट करने और लाखों रुपये की उगाही करने का गंभीर मामला सामने आया है. इस संबंध में लालपुर थाने में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पीड़ित धनपति महतो ने बताया कि घटना के बाद से वे मानसिक आघात में हैं और आरोपियों की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं.
बंधक बनाकर मांगे 8 लाख रुपये
पीड़ित के अनुसार उनकी पहचान मनीषा त्रिपाठी नाम की महिला से हुई थी, जिसने कोलकाता में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिया था. 7 फरवरी 2026 को वे कोलकाता के होटल गोल्डन पार्क में ठहरे थे. वहीं, मनीषा त्रिपाठी एक व्यक्ति भोवन पटेल के साथ पहुंची और फ्लैट दिखाने के बहाने उन्हें एक अन्य स्थान पर ले गई. आरोप है कि वहां एक कमरे में पहले से मौजूद लोगों के साथ मिलकर उन्हें बंधक बना लिया गया और बेरहमी से मारपीट की गई. इस दौरान उनका मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड छीन लिया गया. साथ ही आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उनसे 8 लाख रुपये की मांग की गई.
आरोपियों ने लिए 6.5 लाख और दो सोने की चेन
आरोपियों ने पीड़ित के बेटे प्रकाश महतो को फोन कर पैसों के लिए दबाव बनाया. बेटे को रांची स्थित पीपी कम्पाउंड, आईडीएफसी बैंक के पास बुलाया गया, जहां उससे करीब 6.5 लाख रुपये कीमत की दो सोने की चेन ले ली गई. इसके बावजूद आरोपियों ने पीड़ित से एक लाख रुपये और मांगे. साथ ही उनका आधार कार्ड और पैन कार्ड अपने कब्जे में ले लिया गया और कई सादे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए. बाद में उन्हें कोलकाता के एक होटल में छोड़ दिया गया.
पीड़ित को मिल रही झूठे मामले में फंसाने की धमकी
धनपति महतो ने बताया कि इलाज कराने के बाद 8 फरवरी 2026 को वे रांची लौटे. इसके बाद भी मनीषा त्रिपाठी द्वारा फोन कर 3 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है. आरोप है कि वीडियो वायरल करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है. 10 फरवरी 2026 को एक अन्य मोबाइल नंबर से भी लगातार धमकियां मिलने की बात सामने आई है.
पीड़ित का कहना है कि घटना से वे काफी भयभीत और मानसिक रूप से आहत हैं, जिस कारण तुरंत थाना में शिकायत दर्ज नहीं करा सके. फिलहाल उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
