झारखण्ड

रांची: एसएसपी ने की अपराध और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा, स्टंट ड्राइवरों और अपराधियों पर कसेगा शिकंजा

रांची: राजधानी में बढ़ती रेस ड्राइविंग पर लगाम लगाने के लिए गुरुवार कोएसएसपी राकेश रंजन ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई. एसएसपी के गोपनीय कार्यालय में आयोजित इस बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को दुरुस्त करने के लिए कई कड़े फैसले लिए गए.

 वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में मंथन:

बैठक में मुख्य रूप से ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और ट्रैफिक एसपी मौजूद रहे. इसके अलावा शहरी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख थाना प्रभारी और संबंधित डीएसपी भी शामिल हुए. बैठक के दौरान 
युवाओं द्वारा सड़कों पर की जा रही स्टंटबाजी और खतरनाक ड्राइविंग को रोकने के लिए एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए हैं.सुगम यातायात के लिए पुलिस अब सड़कों पर अधिक मुस्तैद दिखेगी. हाल के दिनों में घटित प्रमुख आपराधिक मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को टास्क सौंपा है कि लंबित मामलों का जल्द से जल्द खुलासा करें और अपराधियों की धरपकड़ तेज करें. रात के समय अनियंत्रित और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर नकेल कसने के लिए प्रमुख सड़कों पर स्लाइडर और जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाई जाएगी. साथ ही, इंटरसेप्टर वाहनों को तैनात किया जाएगा ताकि भागने वाले अपराधियों या नियम तोड़ने वालों को तत्काल पकड़ा जा सके.

 संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार:

  संगठित अपराध में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस अब अग्रेसिव मोडमें काम करेगी. बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि चिह्नित अपराधियों की सूची बनाकर उनकी गिरफ्तारी और उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए.एसएसपी ने स्पष्ट किया कि रांची की जनता की सुरक्षा और शांति पुलिस की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और सूचना तंत्र को मजबूत करने का आदेश दिया है ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे.