झारखण्ड

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: रांची नगर निगम ने 64 जगहों पर शुरू की बड़ी सफाई मुहिम

रांची: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर रांची नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है. शहर को साफ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने के लिए निगम ने 64 चिन्हित स्थानों (CTUs) पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया है. ये वही जगहें हैं जहां पहले भारी मात्रा में कचरा जमा रहता था, नालियां जाम रहती थीं, बिल्डिंग मटेरियल का मलबा फेंका जाता था और लंबे समय से ठीक से सफाई नहीं हुई थी. अब इन सभी जगहों को प्राथमिकता में रखते हुए बड़े स्तर पर सफाई की जा रही है. 

कैसे चल रहा है अभियान?

हर संबंधित वार्ड में सफाई मित्र, वार्ड अधीक्षक और विशेष टीम तैनात किए गए हैं. जेसीबी, ट्रैक्टर, टिपर और सुपर सकर मशीन से कचरा हटाया जा रहा है. नालियों की सफाई और जाम खोलने का काम, झाड़ियां काटकर क्षेत्र की सफाई, कूड़ा हटाकर जगहों का सौंदर्यीकरण और जहां पहले लोग अवैध रूप से कूड़ा फेंकते थे, उन स्थानों को पूरी तरह साफ कर दिया गया है. दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है. 

नगर निगम की अपील

नगर निगम ने साफ कहा है, कि शहर को स्वच्छ रखना सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी जिम्मेदारी है. ऐसे में कोई भी सड़क, नाली और खाली प्लॉट में कूड़ा न फेंकें, गीला और सूखा कचरा अलग रखें, कचरा केवल डोर-टू-डोर वाहन को ही दें. अगर कहीं कूड़ा डंप हो रहा हो या सफाई नहीं हो रही हो, तो नागरिक टोल फ्री नंबर 18005701235 पर शिकायत कर सकते हैं. शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी.