आधार कार्ड में पता अपडेट करना हुआ आसान, Aadhaar App से घर बैठे होगा काम, जानिए ऑनलाइन तरीका

Technology News: आधार कार्ड में पता अपडेट करवाना अब पहले जैसा मुश्किल काम नहीं रहा. UIDAI के नए आधार ऐप ने इस प्रोसेस को बेहद आसान और डिजिटल बना दिया है. पहले लोगों को थोड़े बहुत अपडेट के लिए आधार नामांकन केंद्र जाना पड़ता था, लंबी कतारों में लगना पड़ता था और कागजी दस्तावेज जमा करने होते थे. लेकिन, अब यह पूरा काम मोबाइल फोन से, घर बैठे कुछ ही मिनटों में किया जा सकता है. आइए जानते हैं कैसे कर सकते हैं ऑनलाइन घर बैठे ये काम. 

डिजिटल तरीके से होगा एड्रेस अपडेट

UIDAI के नए आधार ऐप की मदद से अब पता बदलने के लिए किसी भी केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं है. इसके लिए सिर्फ वही मोबाइल फोन चाहिए, जो आधार से लिंक हो और एक अच्छा इंटरनेट कनेक्शन होना जरूरी है. ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है, कि कोई भी व्यक्ति बिना तकनीकी परेशानी के आसानी से इसका इस्तेमाल कर सके.

ऐसे करें आधार में पता अपडेट

  • आधार में पता अपडेट करने की प्रक्रिया बेहद सरल है.

  • सबसे पहले अपने मोबाइल के ऐप स्टोर से आधिकारिक आधार ऐप डाउनलोड करें.

  • ऐप इंस्टॉल होने के बाद, अपने आधार नंबर और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से लॉग इन करें.

  • सुरक्षा के लिए आपको MPIN सेट करना होगा या फिर बायोमेट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन का ऑप्शन चुनना होगा.

  • लॉग इन करने के बाद Services सेक्शन में जाएं और Address Update ऑप्शन पर क्लिक करें.

  • अब यहां आपसे पूछा जाएगा कि आप पता किस तरह अपडेट करना चाहते हैं.

  • आप अपने खुद के वैलिड एड्रेस प्रूफ डॉक्यूमेंट के जरिए पता बदल सकते हैं या फिर उसी पते पर रहने वाले परिवार के किसी सदस्य के आधार का इस्तेमाल कर सकते हैं.

  • अगर आप अपने दस्तावेज का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बिजली बिल, बैंक दस्तावेज या अन्य मान्य एड्रेस प्रूफ की साफ फोटो या स्कैन अपलोड करें.

  • इसके बाद नया पता ध्यान से भरें और एक बार सभी जानकारियों को चेक कर लें.

  • लास्ट में फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए आपकी पहचान की वेरिफाई की जाएगी.

मामूली शुल्क और जल्द अपडेट

पता अपडेट करने के लिए लगभग 75 रुपये का मामूली शुल्क देना होगा. आवेदन जमा होने के बाद UIDAI द्वारा जानकारी की जांच की जाती है. आमतौर पर कुछ दिनों से लेकर एक-दो हफ्तों के भीतर आधार में नया पता अपडेट हो जाता है.